सूरजपुर/ओडगी: प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी की अनुशंसा के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ओडगी के अध्यक्ष लोकेश गुर्जर ने नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस कार्यकारिणी में कुल 30 पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिसमें 6 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 10 ब्लॉक सचिव और 6 सक्रिय सदस्यों को शामिल किया गया है।

नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही कांग्रेस संगठन अब क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में है। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और आम जनता से जुड़ाव बढ़ाना बताया जा रहा है। कार्यकारिणी के गठन को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

नियुक्ति के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त महामंत्री धर्मेंद्र यादव ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ चुनौती भी है।

ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश गुर्जर ने कहा कि नई टीम के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और सभी पदाधिकारी मिलकर पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!