अंबिकापुर:  भीषण गर्मी के चलते राज्य सरकार द्वारा 20 अप्रैल से प्रदेशभर के स्कूलों को बंद करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अंबिकापुर स्थित होली क्रॉस स्कूल प्रबंधन पर इन आदेशों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन 20 अप्रैल के बाद भी विद्यालय संचालित करने की तैयारी में है।

बताया जा रहा है कि स्कूल प्रशासन द्वारा अभिभावकों और विद्यार्थियों पर दबाव बनाकर सहमति पत्र भरवाया जा रहा है, जिसमें स्कूल खुले रखने की अनुमति देने की बात कही गई है। इसके लिए बाकायदा अभिभावकों को फॉर्म वितरित किए गए हैं और उनसे सहमति पत्र जमा करने को कहा जा रहा है।

अभिभावकों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद बच्चों को स्कूल भेजने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। कई अभिभावकों ने इसे स्कूल प्रबंधन की मनमानी और बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है।

वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ती जा रही है। अभिभावकों और आम लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सरकार ने गर्मी के प्रकोप को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद करने का निर्णय लिया है, ऐसे में किसी भी स्कूल द्वारा नियमों की अनदेखी करना गंभीर विषय माना जा रहा है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई होती है या नहीं। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है और अभिभावकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!