

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जिला सहकारी बैंक की शाखा में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बैंक के अंदर रखा कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
गुंडरदेही ब्लॉक की ओटेबंद शाखा में हुई घटना
यह घटना गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
बंदरों की उछल-कूद से शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
जानकारी के अनुसार, बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आग भड़क उठी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा नुकसान
आग लगते ही आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि बैंक में रखा कैश सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, नुकसान का आकलन जारी
गुंडरदेही पुलिस के अनुसार घटना की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। फिलहाल बैंक में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

































