

सरगुजा। 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में लूट और हमले की एक खौफनाक घटना सामने आई है। बेनई जंगल क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने एक पिकअप ड्राइवर को रोककर पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर ड्राइवर से 51 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
सीतापुर थाना क्षेत्र का मामला, रात 8 बजे हुई वारदात
जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है। रायकेरा निवासी समीर उल्लाह खान सीतापुर के सुनीता फर्नीचर में पिकअप ड्राइवर के रूप में काम करता है। सोमवार को वह जशपुर जिले के बगीचा में फर्नीचर सप्लाई करने गया था और वहां से उसे 51 हजार रुपये मिले थे।
घर लौटते समय जंगल में घात लगाए बैठे थे बदमाश
ड्राइवर जब फर्नीचर अनलोड कर सीतापुर लौट रहा था, तभी रात करीब 8 बजे बेनई जंगल में हनुमान मंदिर के पास दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाश उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही पिकअप वहां पहुंची, बदमाशों ने ओवरटेक कर वाहन को रोक लिया।
गाड़ी से खींचकर की मारपीट, चाकू और पत्थर से किया हमला
रोकने के बाद बदमाशों ने ड्राइवर को गाड़ी से बाहर खींच लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चाकू और पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी 51 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नकाबपोश आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
































