दुर्ग : जिले के उतई थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत एक युवक पर भारी पड़ गई। इंस्टाग्राम पर फेमस बनने के चक्कर में युवक ने थाने को ही रील शूटिंग का लोकेशन बना लिया, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

थाना परिसर से निकला ‘स्टाइल’, वायरल हुआ वीडियो
आरोपी हर्ष साहू उर्फ हुक्का ने उतई थाना परिसर से बाहर निकलते हुए एक स्टाइलिश वीडियो शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में वह ‘आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल’ गाने पर फिल्मी अंदाज में रौब दिखाते नजर आ रहा था। यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और हजारों लोगों तक पहुंच गया।

पुलिस की छवि पर असर, तुरंत हुई कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस का मानना है कि इस तरह की हरकत से विभाग की छवि खराब होती है और सरकारी परिसर का दुरुपयोग होता है। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए हर्ष साहू को गिरफ्तार किया गया।

दोस्त भी फंसा, रील बनाने में निभाई थी भूमिका
इस पूरे मामले में हर्ष के साथ उसका साथी कनक चतुर्वेदी भी शामिल था, जिसने वीडियो बनाने में सहयोग किया था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर कार्रवाई की है।

पहले भी जा चुका है जेल, फिर वही अंदाज पड़ा भारी
हर्ष साहू पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और करीब 17 महीने जेल में रह चुका है। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने इस तरह की हरकत कर खुद को फिर से कानूनी कार्रवाई के दायरे में ला दिया।

पुलिस का सख्त संदेश, कानून से खिलवाड़ नहीं चलेगा
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!