

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां खेलते समय एक साल के बच्चे के मुंह में एक जिंदा मछली फंस गई. इसके बाद बच्चा तड़पने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चे को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. इसके बाद घरवालों ने बच्चे को एमवॉय अस्पताल में भर्ती करवाया गया. हालांकि गनीमत ये रही कि एक जटिल सर्जरी करके बच्चे के गले से मछली को निकाल लिया गया.
एक साल के बच्चे के मुंह में फंसी तीन इंच की मछली
पूरा मामला खजराना क्षेत्र का है. इस इलाके में रहने वाला एक साल का एक बच्चा अपने घर में खेल रहा था. परिजनों ने बताया कि इसी दौरान एक्वेरियम से एक गोरामी मछली निकालकर बच्चे ने जिंदा निगल लिया. 3 इंच की मछली बच्चे के गले में फंस गई. जिसके बाद बच्चे की तबीयत काफी बिगड़ गई. बच्चे को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और मुंह से खून निकलने लगा. जिसके बाद आनन-फानन में घरवाले बच्चे को एमवॉय अस्पताल लेकर पहुंचे.
ऐसा मामला पहली बार देखा
एमवॉय अस्पताल की ईएनटी विभाग की अध्यक्ष डॉ. यामिनी गुप्ता ने बताया कि ऐसा मामला पहली बार देखा है. जहां एक साल के बच्चे के गले में इस तरह जिंदा मछली फंस गई हो. डॉक्टर ने बताया कि जिंदा मछली होने के कारण मछली गले में फड़फड़ा रही थी. जिसके कारण बच्चे की नली फटने का भी खतरा था. गले में फड़फड़ाने के दौरान बच्चे के गले में कुछ जख्म हो गए हैं. हालांकि बच्चे की सफलतापूर्वक सर्जरी कर दी गई है. जिसके बच्चा अब पूरी तरह खतरे के बाहर है.

































