

इंदौर : में जमीन कब्जाने के आरोप को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। शराब कारोबारी सूरज रजक के खिलाफ करीब 300 करोड़ रुपये की जमीन पर कब्जे की कोशिश करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। रजक मालवा स्टैलियंस के मालिक भी बताए जा रहे हैं।
अभिनेत्री की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
यह पूरा मामला अभिनेत्री रेमन कक्कड़ की शिकायत के बाद दर्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि निपानिया क्षेत्र की सर्वे नंबर 414 की करीब 2 हेक्टेयर जमीन उनके परिवार के नाम पर दर्ज है।
परिवार में उनकी मां नरेंद्र कौर सलूजा और भाई पुष्पेंद्र व रणधीर सलूजा इस जमीन के सहमालिक हैं।
जमीन हथियाने की कोशिश का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 329(3) के तहत केस दर्ज किया है।
शराब दुकान के लिए मांगी थी जमीन
रेमन कक्कड़ ने बताया कि कारोबारी ने उनके पति ऋषि कक्कड़ से लगभग 6000 वर्गफीट जमीन शराब की दुकान खोलने के लिए मांगी थी। परिवार द्वारा इनकार करने के बाद आरोपी ने अन्य लोगों से संपर्क किया, लेकिन वहां भी सहमति नहीं मिली।
इसके बाद जब परिवार मौके पर पहुंचा तो कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करते हुए पाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पहले भी उठ चुके हैं विवाद
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पहले इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन तब कार्रवाई नहीं हुई। बाद में मुख्य सचिव स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद एफआईआर दर्ज की गई।

































