

अंबिकापुर: शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास शुक्रवार को एक अधेड़ महिला की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की हत्या बेहद नृशंस तरीके से किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। हमलावरों ने सिर और गर्दन पर वार करने के साथ ही पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला सुनियोजित हत्या या आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, डीआईजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।घटना शहर के मुख्य और भीड़भाड़ वाले इलाके में होने के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर शिनाख्त की कोशिश कर रही है।

































