

बलरामपुर। बलरामपुर जिले में नए शिक्षा सत्र के प्रारंभ से पहले स्कूली बसों के सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी राजेंद्र कटारा तथा पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशानुसार 5 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय बलरामपुर में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूली बसों की जांच के साथ-साथ कंडक्टर लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाएगा।यह शिविर जिला अस्पताल रोड स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पीछे मैदान में आयोजित होगा। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस शिविर में जिले के सभी स्कूलों में संचालित बसों के ड्राइवर एवं कंडक्टरों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोटर यान अधिनियम की धारा 29 के तहत किसी भी यात्री वाहन में परिचालक (कंडक्टर) के रूप में कार्य करने के लिए वैध कंडक्टर लाइसेंस आवश्यक है। सभी मंजिली वाहन परिचालकों के पास कंडक्टरी लाइसेंस होना अनिवार्य है।इसी के तहत शिविर में लाइसेंस से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कंडक्टर लाइसेंस के लिए आवेदकों को आयु प्रमाण पत्र (न्यूनतम 18 वर्ष), सिविल सर्जन या जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा प्रथम उपचार प्रमाण पत्र जो फर्स्ट एड किट के प्रशिक्षण उपरांत दिया जाएगा, नियम 27 ख प्रारूप, चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रारूप 1 में, जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र, नियम 40 में निर्धारित की शुल्क, न्यूनतम आठवीं पास शैक्षणिक योग्यता तथा पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना होगा।

विशेष बात यह है कि शिविर में फर्स्ट एड किट प्रशिक्षण के साथ प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जिला अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा, जिससे आवेदकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
प्रशासन ने सभी स्कूल बस संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज जैसे बीमा, परमिट, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित हों, ताकि जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।इस पहल को स्कूल परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।































