

देश : में एलपीजी को लेकर बनी स्थिति के बीच हैदराबाद में एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने बंजारा हिल्स इलाके के पास स्थित कब्रिस्तान में छिपाकर रखे गए 414 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों की योजना गैस की कमी का फायदा उठाकर इन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की थी।
पुलिस ने इस कार्रवाई में 11 वाहनों को भी जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत करीब 21.88 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस की दबिश में खुला पूरा नेटवर्क
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार के निर्देशन में की गई। जांच के दौरान सामने आया कि सिलेंडरों को कब्रिस्तान जैसे सुनसान स्थान पर छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो।
कमिश्नर टास्क फोर्स के पुलिस उपायुक्त वैभव रघुनाथ गायकवाड़ के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गैस एजेंसी की आड़ में चल रहा था खेल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद आमिर गैस एजेंसी के नाम पर काम कर रहा था। उसके पास लाइसेंस प्राप्त एजेंसी होने के बावजूद वह मजदूरों की मदद से अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण कर रहा था।
इस गिरोह में गैस सप्लायर, डिलीवरी बॉय, ड्राइवर और मजदूर भी शामिल थे, जो इस पूरे रैकेट को संचालित कर रहे थे।
कई आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद आमिर समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने साफ कहा है कि जमाखोरी और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सरकार ने दी सफाई, कमी नहीं है एलपीजी
इस बीच सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की कालाबाजारी की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

































