रायपुर। राजधानी के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे एक युवक के लिए तैराकी की शर्त जानलेवा साबित हो गई। इस दौरान आदिल नाम का युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से SDRF और पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी है।

एक-दूसरे को पार करने की लगी थी शर्त

बताया गया कि बुधवार को आदिल अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था। इसी दौरान तैरकर खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने की शर्त लग गई। शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। दोस्त किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहराई की ओर चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया।घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

72 घंटे से चल रहा सर्च ऑपरेशन

आदिल के पानी में डूबने की सूचना मिलते ही उसके दोस्तों ने पुलिस को जानकारी दी। माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF टीम को बुलाया गया। हालांकि अंधेरा होने और खदान में पानी की अत्यधिक गहराई के कारण तत्काल तलाशी अभियान शुरू करने में दिक्कत आई।

इसके बाद से SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। बताया जा रहा है कि खदान में पानी करीब 400 फीट तक गहरा है, जिसके चलते रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

ब्लू वाटर में पहले भी जा चुकी हैं कई जानें

नकटी गांव के पास स्थित इस खदान में डूबने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वर्ष 2017 से अब तक यहां नौ लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है।

अगर आदिल का शव बरामद होता है तो इस खदान में डूबने से जान गंवाने वालों की संख्या 10 हो जाएगी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद यहां सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!