


अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना गांधीनगर पुलिस ने डीआईजी और एसएसपी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम के लेनदेन करने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार शौर्य प्रताप ने 29 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित ऋत्विक सिंह ने दिसंबर 2024 में झांसा देकर 48,500 रुपये उसके खाते में मंगवाए और एटीएम के माध्यम से रकम निकाल ली। बाद में खाते में साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन सामने आने पर खाता होल्ड हो गया।जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ऋत्विक सिंह अपने साथी अमन गुप्ता के साथ मिलकर लोगों के बैंक खातों की खरीद-बिक्री कर साइबर फ्रॉड की रकम का लेनदेन करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया।पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने अन्य लोगों के खातों का भी इस्तेमाल किया। इसी कड़ी में पियुष तिवारी को भी तलब कर पूछताछ की गई, जिसने भी ठगी से जुड़ी रकम के लेनदेन में शामिल होना स्वीकार किया। उसके खाते में भी कई संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियोंऋत्विक सिंह (25 वर्ष), अमन कुमार गुप्ता (24 वर्ष) और पियुष तिवारी (25 वर्ष)को गिरफ्तार कर उनके पास से मोबाइल फोन और लेनदेन से संबंधित डाटा जब्त किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना गांधीनगर और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।

































