


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने ग्रामीण आवास निर्माण में शानदार सफलता हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए गए, जो पूरे देश में किसी एक वर्ष में सर्वाधिक आवास निर्माण का आंकड़ा है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), प्रधानमंत्री जनमन योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के समन्वित और सशक्त क्रियान्वयन से संभव हुई है।
"सबको आवास" का लक्ष्य तेजी से साकार
सरकार ने पहले ही अपने प्रथम कैबिनेट निर्णय में 18 लाख आवास स्वीकृत किए थे। वर्तमान सर्वे सूची में शामिल सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है, जिससे कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित नहीं रहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में:
- PMAY-G के तहत 5.87 लाख आवास पूर्ण
- प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 13 हजार आवास
- मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 10 हजार से अधिक आवास
इन योजनाओं के प्रभावी समन्वय से कुल 6 लाख से अधिक आवासों का लक्ष्य पार किया गया।
एक वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक आवास निर्माण
यह उपलब्धि योजना प्रारंभ होने के बाद किसी भी वर्ष में सर्वाधिक आवास निर्माण का रिकॉर्ड है। तेज क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिली है।
- डीलर दीदी मॉडल के तहत 9 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूह सदस्य आवास निर्माण की सामग्री आपूर्ति कर आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
- हजारों महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
- 6 हजार से अधिक राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षित किया गया, जिनमें 1200 से अधिक “रानी मिस्त्री” शामिल हैं।
- आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी इस पहल के तहत सम्मानजनक आजीविका के अवसर प्रदान किए गए।
पारदर्शिता और जवाबदेही का उदाहरण
- टोल-फ्री नंबर 18002331290 के माध्यम से पिछले 10 महीनों में 1500 से अधिक शिकायतें और सुझाव प्राप्त हुए, जिनका त्वरित समाधान किया गया।
- हर महीने की 7 तारीख को “आवास दिवस” आयोजित कर ग्राम पंचायत स्तर पर समस्याओं का समाधान किया जाता है।
- क्यूआर कोड आधारित सूचना प्रणाली के जरिए ग्रामीणों को सभी जानकारी सहज रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।
छत्तीसगढ़ का यह मॉडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रह गया है। यह महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, समावेशी विकास और पारदर्शिता की दिशा में भी प्रभावी पहल के रूप में स्थापित हो रहा है।

































