सूरजपुर: सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत मोहनपुर स्थित नागझरिया देव स्थल में चैत्र नवरात्रि का 21वां वर्ष पूरे श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और माता रानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

नवरात्रि के समापन अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कन्या भोज का आयोजन कर बालिकाओं को भोजन कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी और पूरे वातावरण में भक्ति की भावना देखने को मिली।

अंतिम दिन विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद देवी प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में ग्राम के बैगा, पंडा, सरपंच, उप सरपंच, पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भक्तजन उपस्थित रहे।

गांव के लोगों ने बताया कि यह आयोजन पिछले 21 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिससे गांव में धार्मिक परंपराएं मजबूत हो रही हैं और लोगों में एकता का संदेश भी प्रसारित हो रहा है। पूरे आयोजन के सफल संचालन में ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!