


Emergency Landing at Delhi IGI: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब IndiGo की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
इंजन में खराबी के चलते लिया गया फैसला
जानकारी के अनुसार, विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही फ्लाइट 6E 579 में तकनीकी समस्या सामने आई। शुरुआती जांच में सामने आया कि विमान के एक इंजन में खराबी की आशंका थी, जिसके चलते तुरंत आपातकाल घोषित किया गया।
रनवे पर घोषित हुआ ‘फुल इमरजेंसी’
सुबह करीब 10:39 बजे रनवे 28 पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और अग्निशमन विभाग को अलर्ट कर दिया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के मुताबिक, विमान ने सुबह 10:59 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
लैंडिंग के तुरंत बाद विमान में सवार करीब 160 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
तकनीकी जांच जारी
घटना के बाद एयरलाइन की तकनीकी टीम विमान की गहन जांच में जुट गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंजन में खराबी किस वजह से आई।
वैकल्पिक व्यवस्था से भेजे गए यात्री
एयरलाइन ने सभी यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित न हो।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि हाल ही में SpiceJet की एक फ्लाइट को भी इंजन में खराबी के कारण दिल्ली लौटना पड़ा था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं विमान सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।

































