


Raipur : में आज Ram Navami का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर के मठ और मंदिरों में भक्ति का वातावरण बना हुआ है, जबकि शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
प्राचीन मठों में विशेष पूजा और श्रृंगार
करीब 500 वर्ष पुराने दूधाधारी मठ और जैतूसाव मठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का विशेष अभिषेक किया जा रहा है। महंत राम सुंदर दास द्वारा स्वर्ण मुकुट से भगवान का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।
वहीं वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है, जहां शाम को आतिशबाजी भी होगी।
सोहागा मंदिर में सुंदरकांड पाठ और भक्ति कार्यक्रम
ब्राह्मणपारा स्थित सोहागा मंदिर में आज सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। शाम 5:30 बजे से भक्ति मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इसके बाद मंगल आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
शांतिनगर मंदिर में दिनभर धार्मिक आयोजन
शांतिनगर स्थित श्रीराम मंदिर में सुबह से ही विशेष पूजन और संकीर्तन जारी है। सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक सुंदरकांड पाठ हुआ, इसके बाद भजन कीर्तन और आरती का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे तक महाप्रसाद भंडारा भी आयोजित किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गायत्री शक्तिपीठ में महायज्ञ और पूर्णाहुति
समता कॉलोनी के गायत्री शक्तिपीठ में रामनवमी के अवसर पर महापूर्णाहुति का आयोजन किया जा रहा है। यहां पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ के जरिए श्रद्धालु यज्ञ में आहुति देकर समाज और राष्ट्र के कल्याण की कामना कर रहे हैं।
शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
रामनवमी के अवसर पर शहर में शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें झांकियां, भजन और धार्मिक झलकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पूरे शहर में उत्सव और आस्था का संगम साफ नजर आ रहा है।

































