अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के विकासखंड कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत सामरी में सर्व समाज के लिए आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन शिव मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। यादव समाज सामरी एवं मां दुर्गा पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 17 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया।

समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। शहनाई की मधुर धुन, मंगल गीतों की गूंज और परिजनों की खुशियों ने वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया। विवाह मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां वर-वधू ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूजे के जीवनसाथी बने। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें सभी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सहयोग प्रदान किया। सामूहिक विवाह के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली, वहीं सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी पूरे क्षेत्र में गया।

आयोजकों ने बताया कि यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम पिछले 4 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जो अब एक परंपरा का रूप ले चुका है। इस पहल का उद्देश्य समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना, अनावश्यक खर्चों को रोकना और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना है। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में भी सामने आया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!