


बलौदाबाजार: जिले में एक भयावह घटना सामने आई, जिसमें पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। घटना का कारण पति का पत्नी के चरित्र पर संदेह था। पीड़िता ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला सिमगा थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता ने पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 25 जनवरी को वह माता-पिता के साथ पिकनिक की तैयारी कर रही थी, तभी पति रिषभ मसीह उर्फ बंटी ने उस पर शक जताया कि वह किसी अन्य व्यक्ति से मिलने जा रही है। इसके बाद आरोपी ने गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। आरोपी ने हत्या की नीयत से पत्नी पर पेट्रोल डालकर माचिस जलाई, लेकिन पीड़िता समय रहते भागकर बच गई।
इस शिकायत के आधार पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 43/2026 दर्ज किया गया। इसमें धारा 296, 115(2), 351(3), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश की। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया। 23 मार्च 2026 को रिषभ मसीह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सिमगा क्षेत्र का गुंडा-बदमाश है, मूलतः गणेशपुर का निवासी है और वर्तमान में विश्रामपुर में रह रहा था। बलौदाबाजार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या शक के मामलों में तुरंत पुलिस सहायता ली जाए।
































