


पश्चिम बंगाल। विधानसभा चुनाव 2026 आते ही राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। उत्तर 24 परगना जिले की विधाननगर सीट से भाजपा प्रत्याशी शारद्वत मुखर्जी ने इस बार प्रचार का अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने हाथ में मछली लेकर घर-घर प्रचार किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही चर्चा का विषय बन गया।
शारद्वत मुखर्जी ने मछली के जरिए अपने संदेश को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने दावा किया था कि भाजपा सत्ता में आए तो मांसाहारियों का जीवन बर्बाद हो जाएगा, लेकिन त्रिपुरा में पिछले दशक से भाजपा सत्ता में है और वहां 95 प्रतिशत बंगाली आबादी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मछली के साथ चुनाव प्रचार शुरू किया। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में लोग शुभ कार्य की शुरुआत मछली से करते हैं।
नवरात्रि के दौरान मछली खाने पर सवाल उठाए जाने पर मुखर्जी ने कहा कि बंगाल में सभी समुदाय के लोग मांसाहारी हैं और खानपान की आदतें व्यक्तिगत पसंद पर निर्भर करती हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि चुनाव जीतने के बाद वे अपनी विधानसभा क्षेत्र में हिलसा मछली, झींगा और अन्य मांसाहारी व्यंजन लोगों में बांटेंगे।
शारद्वत मुखर्जी के इस अनोखे प्रचार ने न केवल विपक्ष का ध्यान खींचा बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी। नवरात्रि के बीच यह प्रचार चुनावी रणनीति और लोकल सांस्कृतिक प्रथाओं का अनूठा मिश्रण दिखा रहा है।

































