

बालोद। जिले के मंगचुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत भंवरमरा के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छट्ठी कार्यक्रम से वापस लौट रही ग्रामीण महिलाओं से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 18 महिलाएं और 2 मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों को हायर सेंटर राजनांदगांव रेफर कर दिया गया है। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही मंगचुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है और मृतकों व घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इलाके में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

































