

अंबिकापुर: नशे के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई कोरिया जिले में सामने आई है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम ने जामपारा निवासी एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 3 किलो गांजा बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम बैकुंठपुर क्षेत्र में मदिरा दुकानों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जामपारा निवासी लक्ष्मण अपने घर में भारी मात्रा में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के घर दबिश दी।तलाशी के दौरान लक्ष्मण के शयन कक्ष से एक झोले में रखे 2.883 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर बैकुंठपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और नीरज चौहान की अहम भूमिका रही।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरगुजा संभाग में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे संभाग को नशामुक्त बनाने के लिए टीम लगातार सक्रिय है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

































