MP Weather Update: मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बीते चार दिनों से राज्य में आंधी-बारिश का सिस्टम सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखा गया है। शनिवार, 21 मार्च को 30 से ज्यादा शहरों में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जबकि 9 जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई।

पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, चंबल और सागर संभाग के कई जिलों में बारिश हुई। इसके कारण तापमान में भी 6 से 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। छतरपुर जिले के खजुराहो में सबसे अधिक 59.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि बकाल, राजनगर और मोहनगढ़ में भी अच्छी वर्षा हुई। वहीं मुरैना में सबसे कम 2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तेज हवाओं ने भी असर दिखाया। कटनी में 67 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। शिवपुरी, रायसेन, विदिशा, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना और मंडला में ओले गिरे। MP Weather Update के अनुसार कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि खरगोन सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री रहा।

आने वाले दिनों में मौसम फिर बदल सकता है। 26 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। फिलहाल अगले 24 घंटे के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!