

अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने रनपुर खुर्द में ग्रामवासियों की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांव में लंबे समय से गांजा बिक्री की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद टीम ने छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार रनपुर खुर्द के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि नूर मोहम्मद एवं उसके पुत्र जफर और सफर द्वारा वर्षों से गांजा बेचा जा रहा है, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है। शिकायत की पुष्टि होने पर 20 मार्च 2026 को सुबह आबकारी टीम ने नूर मोहम्मद के घर दबिश दी।छापेमारी के दौरान घर पर मोहम्मद सफर मौजूद मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 950 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया।सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी का परिवार लंबे समय से गांजा कारोबार में संलिप्त है और मोहम्मद सफर पूर्व में भी इसी मामले में जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी एवं चंद्रावती का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

































