

ओड़िशा: ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में करीब 10 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों में अधिकांश वे मरीज बताए जा रहे हैं जो ट्रॉमा केयर आईसीयू में भर्ती थे।
जानकारी के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई, जब ट्रॉमा केयर के इमरजेंसी विभाग की पहली मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही अस्पताल में लगे फायर सेफ्टी सिस्टम को सक्रिय किया गया और अस्पताल के फायर विभाग की टीम ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने न्यू मेडिसिन बिल्डिंग में भर्ती प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 25 लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की घोषणा की है।मौके पर स्वास्थ्य सचिव, कटक के जिला कलेक्टर और डीसीपी समेत प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी रखा गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी इंतजामों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

































