


जशपुर: जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला ग्राम पुटली का है। यहां रहने वाले जेरोम तिर्की (56) को अपनी पत्नी अलकिसलिया तिर्की (53) के चरित्र पर संदेह था। बताया जा रहा है कि 6 मार्च की रात करीब 2:30 बजे पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्से में आकर जेरोम तिर्की ने घर में रखे लोहे के धारदार हथियार (दौली) से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी ने अपने भाई जूलियस तिर्की को जाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे तो महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला और उसके गले में गहरा घाव था। इसके बाद मामले की सूचना तपकरा थाना पुलिस को दी गई।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी पति जेरोम तिर्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त लोहे का हथियार (दौली) भी जब्त कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक, एएसआई रामजी साय पैंकरा, प्रेमिका कुजूर, प्रधान आरक्षक अजय लकड़ा, आरक्षक पुनीत साय और याकूब एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































