


महासमुंद: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन “निश्चय” के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 137 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 68 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में एक महिला सहित कुल 8 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लगातार चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो कारों के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा महासमुंद होते हुए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद मारुति सुजुकी ईको (OD19T6003) और उसके पीछे चल रही टोयोटा कार (MH01BK4102) को रोका गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वाहन में रखे प्लास्टिक बोरियों में भरा गांजा ओडिशा के अंगुल जिले से महाराष्ट्र के अकोला ले जाया जा रहा था। विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 137 किलो गांजा, दो कारें (कुल कीमत 6 लाख रुपये), 7 मोबाइल फोन (27 हजार रुपये) तथा 11,400 रुपये नकद जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति 74 लाख 88 हजार 400 रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपियों में 4 तस्कर ओडिशा और 4 महाराष्ट्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में मुख्य थोक विक्रेता, परिवहनकर्ता और फॉरवर्ड लिंक के खरीदार शामिल थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी (2)(सी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिले में 2683.141 किलोग्राम गांजा (कीमत 13 करोड़ 41 लाख 57 हजार रुपये) जब्त कर 110 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 77 आरोपी प्रदेश के बाहर के हैं।































