


Umaria News: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के कल्दा स्थित सरकारी हाई स्कूल में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। उमरिया स्कूल घटना के दौरान कुछ छात्राएं अचानक अजीब व्यवहार करने लगीं। वे स्कूल परिसर में बाल खोलकर झूमने लगीं और कुछ छात्राएं बेहोश भी हो गईं। यह दृश्य देखकर शिक्षक, अन्य छात्र और ग्रामीण घबरा गए।
घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे अंधविश्वास से जोड़ दिया, जबकि अन्य ने इसे स्वास्थ्य संबंधी समस्या बताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्राओं का व्यवहार अचानक बदल गया था। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची। छात्राओं को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से सभी छात्राओं की हालत अब सामान्य है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उमरिया स्कूल घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी करकेली विकासखंड के एक शासकीय स्कूल में दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति संभाली थी।
































