दुर्ग: धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम रौंदा में घरों और अन्य स्थानों पर ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में ग्राम रौंदा क्षेत्र में कुल पांच चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, लैपटॉप, टूल्लू पंप सहित करीब 1 लाख 90 हजार रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम रौंदा निवासी शाहजहां बेगम ने 9 अगस्त को थाना धमधा में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे घर में ताला लगाकर पिपरिया गई थीं और अगले दिन रात करीब 8 बजे लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था।जांच के दौरान पता चला कि पलंग के गद्दे के नीचे रखे 5 हजार रुपये नकद और अलमारी की चाबी गायब थी। अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला, जिसमें रखे सोने के मनके वाली तीन पत्ती और 13 तोला चांदी की पायल चोरी हो चुकी थी। चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 45 हजार रुपये आंकी गई थी।मामले में थाना धमधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण और संदिग्धों से पूछताछ के दौरान पुलिस को ग्राम रौंदा निवासी 25 वर्षीय करण दास मानिकपुरी पर संदेह हुआ।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने उक्त घटना के अलावा क्षेत्र में अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी ने वर्ष 2025 में ग्राम रौंदा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला का ताला तोड़कर लैपटॉप, चार्जर और माउस चोरी करने तथा संत राम देवांगन का टूल्लू पंप चोरी करने की बात भी कबूल की।आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, लैपटॉप, टूल्लू पंप, चार्जर और माउस सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने चोरी की वारदात में प्रयुक्त पेचकस-रॉड और मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले ऐसे घरों और स्थानों की निगरानी करता था, जहां ताला लगा होता था। मौका पाकर वह ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता और नगदी व आसानी से ले जाने योग्य कीमती सामान चोरी कर लेता था।आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना धमधा पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी, संदिग्धों की पहचान और पूछताछ के जरिए मामले का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!