अंबिकापुर: होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज अंबिकापुर के प्रेक्षागृह में मंगलवार को महाविद्यालय का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह-2025 हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शांता जोसेफ के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर छात्राओं की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ऊर्जा एवं प्रकाश के प्रतीक मंगल दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्रा दिशा एवं उनके समूह द्वारा ईश्वरीय वंदना को प्रार्थना नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।इसके बाद प्राचार्य डॉ.शांता जोसेफ ने कक्षावार प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं तथा एनसीसी इकाई की छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए। इसी क्रम में महाविद्यालय की होनहार छात्रा आयुषी खाखा को ऑलराउंड अचीवमेंट के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को उप-प्राचार्य डॉ.सि. मंजू टोप्पो द्वारा पुरस्कृत किया गया।इस समारोह के दौरान छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें भारत के विभिन्न राज्यों की नृत्य शैलियाँ तथा सामाजिक संदेश से जुड़े लघु नाटक शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. सि. शांता जोसेफ ने छात्राओं को साहस, संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर अभ्यास करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से ही सफलता प्राप्त होती है।कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक प्राध्यापक ममता कश्यप, डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. सि. दिव्या गुलाब मिंज, प्रज्ञा सिंह, प्रीति सिंह, अंजना, प्रेरणा लकड़ा, गमिता एवं मनीषा रजवाड़े का विशेष योगदान रहा।मंच संचालन छात्रा आयुषी खाखा एवं अनुषा पैकरा द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्रा देवकी यादव ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!