


सूरजपुर: चुनाव से जुड़े एस.आई.आर. कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला बरपटिया, विकासखंड प्रतापपुर के प्रधान पाठक विफल राम पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 फरवरी 2026 को मतदान केंद्र क्रमांक 174, प्राथमिक शाला भवन बरपटिया के परिसर में श्री पैकरा नशे की हालत में उपस्थित हुए थे। इस दौरान उन्होंने एस.आई.आर. कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले की शिकायत के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर द्वारा प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा गया था।स्पष्टीकरण मांगे जाने पर भी उनका जवाब असंतोषजनक पाया गया। जांच में यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया। इसके आधार पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा कार्यालय प्रेमनगर नियत किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

































