


बलरामपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के लिए संचालित महत्वाकांक्षी निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत जिला जशपुर के दिवंगत निरीक्षक स्व. रामसाय पैकरा की पत्नी मुनेश्वरी पैकरा को 1,00,00,000 रुपये (एक करोड़ रुपये मात्र) की जीवन बीमा सहायता प्रदान की गई।यह सहायता भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से प्रदान की गई।
स्व. निरीक्षक रामसाय पैकरा सरगुजा रेंज अंतर्गत जिला जशपुर में थाना प्रभारी, नारायणपुर के पद पर पदस्थ थे। वे पुलिस मुख्यालय द्वारा चंदखुरी में आयोजित सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में शामिल होकर 27 जुलाई 2025 को अपने गृह ग्राम सुरगांव (सीतापुर) लौटे थे। इसी दौरान घर में बिजली करंट की चपेट में आने से उनका असामयिक निधन हो गया। सेवानिवृत्ति में लगभग छह माह का समय शेष था।उनकी सेवा यात्रा वर्ष 1983 में जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में आरक्षक के रूप में प्रारंभ हुई। वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में सहायक उप निरीक्षक, 2009 में उप निरीक्षक तथा 2014 में निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्राप्त की। वर्ष 2022 से वे जिला जशपुर में सेवाएं दे रहे थे। विभाग में वे सरल, सौम्य एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू किया गया है। जिसके तहत स्वः निरीक्षक श्री रामसाय पैकरा के नामिनी पत्नि श्री मुनेश्वरी पैकरा को 1,00,00,000/-(एक करोड़ रूपये मात्र) का जीवन बीमा सहायता चेक एसबीआई के उप महाप्रबंधक बिलासपुर श्री आलोक रंजन, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर श्री अविनाश पाणिग्रही, मुख्य प्रबंधक एसबीआई अंबिकापुर श्री शिरीष गीर एवं मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर श्री चंदन राठौर द्वारा उनके परिजनों को उनकी जीवन बीमा की चेक सौपा गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के द्वारा बैंक से आये सभी बैंक अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने हेतु उन्हें धन्यवाद दिया गया। यह सहायता न केवल परिवार को वित्तीय संबल के रूप में बल्कि विभागीय संवेदना व विभागीय उत्तरदायित्व के प्रतीक के रूप में प्रदान की गई।
एसबीआई निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुये एमओयू.के तहत संचालित एक कल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत जिन पुलिसकर्मियों के वेतन खाते एसबीआई में संचालित होते है। पुलिस कर्मी के दुर्घटना पर आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके वैद्य नामिनी को 01 करोड़ रूपये का जीवन बीमा कवर, सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रूपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किये जाने का प्रावधान है। बिलासपुर से आये एसबीआई के उप महाप्रबंधक बिलासपुर आलोक रंजन एवं एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर अविनाश पाणिग्रही द्वारा विभाग से अपील की गई है कि सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने वेतन खाते को अनिवार्य रूप से निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत रजिस्ट्रेशन करवाकर अपने परिवार का जीवन सुरक्षित करायें। जिस दौरान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा द्वारा एसबीआई के अधिकारियों को रेंज के समस्त पुलिस सैलरी पैकेज के तहत लंबित प्रकरणों के निराकरण कर वैद्य नामिनी को नियमानुसार सहयोग प्रदान करने हेतु चर्चा किया गया।
































