अंबिकापुर: भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (युवा कार्यक्रम विभाग) के तत्वाधान में आज ’माई भारत पोर्टल’ के अंतर्गत भारत बजट क्विज 2026 के प्रथम चरण की प्रदेश स्तरीय ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। लोकभवन, रायपुर द्वारा संचालित इस बैठक में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, अंबिकापुर के छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज की।

विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ’माई भारत’ पोर्टल युवाओं को राष्ट्र के आर्थिक विमर्श और नीति निर्माण की प्रक्रियाओं से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य एवं चरणः बजट 2026 क्वेस्ट का मुख्य उद्देश्य युवाओं की भागीदारी के माध्यम से केंद्रीय बजट और नागरिकों के दैनिक जीवन के बीच के अंतर को कम करना है।

यह प्रतियोगिता तीन मुख्य चरणों में संपन्न होगीः प्रथम चरण (ऑनलाइन क्विज)ः आज के सत्र में बजट प्रावधानों की बुनियादी जागरूकता पर आधारित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने इसमें पंजीकरण कर सर्टिफिकेट प्राप्त किए। द्वितीय चरण (निबंध प्रतियोगिता)ः प्रथम चरण में चयनित छात्र-छात्राएं राज्य और केंद्र स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में भाग लेंगे। तृतीय चरण (आभासी संवाद)ः अंतिम विजेताओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधे संवाद (आभासी बातचीत) करने का गौरवशाली अवसर प्राप्त होगा। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सफल पंजीयन और युवाओं के भविष्य में सक्रिय भागीदारी के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!