


Washington Post Layoffs 2026: दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित अखबारों में शुमार वॉशिंगटन पोस्ट में बड़े पैमाने पर छंटनी की गई है। इस छंटनी की चपेट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर के बेटे, जाने-माने पत्रकार ईशान थरूर भी आ गए हैं। अखबार ने अपने कुल स्टाफ का एक-तिहाई से अधिक हिस्सा कम कर दिया है। ईशान थरूर ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे “एक बुरा दिन” बताया।
ईशान थरूर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें वॉशिंगटन पोस्ट से निकाला गया है और उनके साथ अधिकांश अंतरराष्ट्रीय स्टाफ तथा कई प्रतिभाशाली सहकर्मियों की भी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। उन्होंने न्यूज रूम और खासतौर पर उन पत्रकारों के प्रति दुख जताया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अखबार को मजबूती दी। ईशान ने कहा कि करीब 12 वर्षों तक जिन संपादकों और संवाददाताओं के साथ उन्होंने काम किया, वे उनके लिए मित्र और सहयोगी रहे, और उनके साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात थी।
ईशान थरूर ने जनवरी 2017 में वर्ल्डव्यू कॉलम की शुरुआत की थी। इस कॉलम का उद्देश्य पाठकों को दुनिया की घटनाओं और उसमें अमेरिका की भूमिका को बेहतर तरीके से समझाना था। उन्होंने उन लगभग पांच लाख वफादार पाठकों का आभार जताया, जिन्होंने वर्षों तक सप्ताह में कई बार उनके कॉलम को पढ़ा। इसके साथ ही उन्होंने एक संक्षिप्त पोस्ट में सिर्फ इतना लिखा—“एक बुरा दिन।”
































