


नारायणपुर: जिले के ओरछा थाना क्षेत्र अंतर्गत नक्सल प्रभावित जंगलों में नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी 29वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने की सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 02 फरवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांगाली–मंडोली–आसनार–ओरछा के घने जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा विस्फोटक बनाने से जुड़ी सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।सर्च अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र से प्रेशर कुकर, रस्सी, बिजली वायर, चार्जर, बैटरियां, पेंसिल सेल, पाइप, इंजन ऑयल सहित IED निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद सभी सामग्रियों को मौके पर विधिवत जप्त कर पंचनामा तैयार किया गया।इसके बाद जप्त सामग्री को सुरक्षित रूप से थाना ओरछा लाया गया, जहां इस मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज किया जा रहा है और सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी से क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इस कार्रवाई से नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश को विफल करने में सफलता मिली है।नारायणपुर पुलिस व केंद्रीय बलों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
































