


रायगढ़: रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई कर रही रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जूटमिल, चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीमों ने अलग–अलग स्थानों पर छापेमारी कर पिता–पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
सिंधी कॉलोनी में चल रहा था व्हाट्सएप से सट्टा
थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की टीम ने पक्की खोली, सिंधी कॉलोनी में दबिश देकर सुरेश माखिजा (65) और उसके पुत्र गिरीश माखिजा (34) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के मोबाइल फोन में व्हाट्सएप चैट, फोटो गैलरी और सट्टा पट्टी के स्क्रीनशॉट मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मोबाइल के जरिए अंकों पर दांव लगवाते थे, यूपीआई से रकम मंगवाते और जीत की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से वीवो कंपनी के दो 5जी मोबाइल जब्त किए हैं। दोनों के विरुद्ध धारा 06(क), 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जूटमिल थाना क्षेत्र में रंगे हाथ पकड़ा गया सट्टेबाज
दूसरी कार्रवाई में जूटमिल थाना पुलिस ने राजीव गांधी नगर से प्रमोद वारे (26) को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसके पास से सट्टा पर्ची, पोको कंपनी का मोबाइल, 3,580 रुपये नकद और एक डॉट पेन जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक विरेंद्र भगत, रेखा नागरे, आरक्षक शशि भूषण साहू, धनेश्वर उरांव सहित साइबर थाना प्रभारी नासिर खान, चक्रधरनगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गेंद लाल साहू एवं एएसआई नंद कुमार सारथी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
































