बलरामपुर: बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाउके में एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की आग से झुलसकर मौत हो गई। यह घटना गुरुवार शाम लगभग 7.30 बजे की बताई जा रही है, जिससे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान बधनी तिर्की (उम्र 65 वर्ष), पति छन्दना तिर्की के रूप में हुई है। दंपति दोनों वृद्ध थे और घटना के समय घर पर खनियारी (स्थानीय भोजन) बना रहे थे। भोजन करने और हड़िया पीने के बाद पति आगे जाकर सो गया, जबकि उसकी पत्नी चूल्हे के पास आग ताप रही थी।इसी दौरान अचानक महिला के कपड़ों में आग लग गई। आग की लपटों में घिरी महिला उठ नहीं पाई और बचाव के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पति मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।
आग से गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।इस हादसे के बाद गांव में शोक व्याप्त है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!