

बलरामपुर। वनमण्डलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी एवं वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज निखिल सक्सेना द्वारा 16 दिसंबर की रात्रि में वनपरिक्षेत्र रामानुजगंज अंतर्गत रात्रिकालीन आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान वनोपज की अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विभिन्न वनोपज जांच नाकों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के क्रम में वनोपज जांच नाका चोरपहरी बैरियर एवं अंतर्राज्यीय वनोपज जांच नाका कन्हर बैरियर पर आने-जाने वाले वाहनों के परिवहन अनुज्ञा पत्रों की गहन जांच की गई। इसके पश्चात वाड्रफनगर रोड बैरियर रामानुजगंज का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
तत्पश्चात अधिकारियों द्वारा वनपरिक्षेत्र वाड्रफनगर स्थित वनोपज जांच नाका धनवार बैरियर का भी औचक निरीक्षण किया गया। सभी जांच नाकों पर तैनात वनकर्मचारियों को अवैध वनोपज परिवहन पर सख्ती से अंकुश लगाने, सतर्कता बढ़ाने एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।












