

नई दिल्ली। देश में दिवाली और छठ पूजा 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं और लोग अपने घर जाने के लिए ट्रेन और बस बुकिंग में जुटे हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे ने इस बार पिछले साल की तुलना में और भी ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस बार छठ और दिवाली के लिए लगभग 12,000 स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी, जबकि पिछले साल केवल 7,500 ट्रेनें चलाई गई थीं।
रेलवे की ओर से 10,000 स्पेशल ट्रेनों की अधिसूचना पहले ही जारी कर दी गई है। इनमें से 150 ट्रेनें पूरी तरह से अनारक्षित कैटेगरी की होंगी और इन्हें अंतिम समय में चलाया जाएगा। इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन 1 अक्टूबर से 15 नवंबर 2025 तक किया जाएगा।
रेल मंत्री ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पर भी अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि देश के 70 में से 29 डिवीजनों में समयपालनता 90% से अधिक है। वंदे भारत स्लीपर का परीक्षण पूरा हो चुका है और इसके दो रेक अक्टूबर तक सेवा में आ जाएंगे। यह सुविधा यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक यात्रा अनुभव देगी।
अश्विनी वैष्णव ने नई वंदे भारत एक्सप्रेस रूट और अमृत भारत एक्सप्रेस के बारे में भी जानकारी दी। लखनऊ-जंक्शन और सहारनपुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रा समय कम करेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगी। वहीं मदार-जंक्शन (अजमेर) से दरभंगा के बीच साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस निम्न और मध्यम आय वर्ग के यात्रियों के लिए सहायक साबित होगी।





















