जशपुर:  नशे के कारोबारियों के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। थाना तुमला क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो कारों से 76 किलो 940 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक नाबालिग बालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि उड़ीसा से दो कारों में गांजा की बड़ी खेप लाकर तुमला क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर तुमला थाना पुलिस ने चौकी कोल्हेनझरिया और कोतबा पुलिस टीम के साथ मिलकर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।इसी दौरान एक बिना नंबर की सफेद मारुति ब्रेजा और एक काले रंग की मारुति XL6 कार को रोका गया। तलाशी लेने पर ब्रेजा कार से चार बोरियों में भरे 73 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा का कुल वजन 76 किलो 940 ग्राम पाया गया।गिरफ्तार आरोपियों में युगल यादव (21), मोहित कुमार यादव (26), दीपक यादव (26) और एक 17 वर्षीय बालक शामिल है। आरोपियों के कब्जे से दो कारें और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 49 लाख 17 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है, जिसमें गांजा की कीमत लगभग 38 लाख रुपए आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा उड़ीसा से तस्करी कर ला रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना तुमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरसे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!