मध्य प्रदेश : रतलाम जिले में स्थित बिरियाखेड़ी शासकीय बाल सुधार गृह से शनिवार रात सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। सात बाल अपचारियों ने पहले फरार होने की योजना बनाई, फिर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान पर हमला कर मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और मौके से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाया और छह बाल अपचारियों को दोबारा पकड़ लिया, जबकि एक की तलाश अब भी जारी है।

गार्ड पर हमला कर बनाया भागने का रास्ता

जानकारी के अनुसार, रात के समय होमगार्ड जवान चैनल गेट के पास आराम कर रहा था। इसी दौरान सातों बाल अपचारियों ने उसे घेर लिया। एक ने डंडे से हमला किया, जिसके बाद सभी ने मिलकर मारपीट की। इसके बाद उन्होंने बिस्तर के नीचे रखी मुख्य शटर की चाबी निकाल ली, चैनल गेट खोला और मुख्य प्रवेश द्वार से बाहर निकलकर फरार हो गए।

15 किलोमीटर दूर से छह बाल अपचारी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। कुछ ही घंटों में छह बाल अपचारियों को रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया। हालांकि एक बाल अपचारी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस

पुलिस के मुताबिक फरार हुए सभी बाल अपचारियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। इनके खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज हैं। इनमें दो पर मादक पदार्थों की तस्करी, दो पर दुष्कर्म, एक पर रंगदारी, एक पर हत्या और एक पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

रविवार सुबह पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और एसडीएम तरुण जैन बाल सुधार गृह पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही पूरी घटना की जांच के निर्देश दिए गए।

एसपी बोले, फरार बाल अपचारी की तलाश जारी

एसपी अमित कुमार ने बताया कि सात बाल अपचारी गार्ड पर हमला कर फरार हुए थे। इनमें से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी के आपराधिक रिकॉर्ड और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। घायल गार्ड की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गार्ड पर हमला कर मुख्य गेट तक पहुंचना और वहां से फरार हो जाना सुरक्षा इंतजामों की बड़ी चूक माना जा रहा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी प्रकार की लापरवाही या अंदरूनी चूक तो नहीं हुई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!