बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोड़रो में खेत में खेलते समय 5 वर्षीय बालिका की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आरोही पिता शिवमंगल (5 वर्ष) अपने घर के पास खेत में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अचानक साथ खेल रहे बच्चे रोने और चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर देखा तो बालिका खेत के पास स्थित कुएं में गिर गई थी।ग्रामीण ने तत्काल शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बालिका के पिता एवं भाई मौके पर पहुंचे और कुएं में उतरकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पंचनामा उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।मासूम बच्ची की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!