जशपुर: जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 19 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे किनकेल घाट के पास उस समय हुआ, जब युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। घटना के बाद जशपुर पुलिस ने लोगों से बारिश और खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गौरव खलखो (25 वर्ष) निवासी ग्राम भुरसा, थाना कुनकुरी के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ कार से देशदेखा क्षेत्र पिकनिक मनाने गया था। बारिश और तेज गर्जना के बाद मौसम कुछ शांत होने पर सभी साथी खुले मैदान में फोटो खिंचवाने के लिए उतरे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से गौरव उसकी चपेट में आ गया और बेहोश हो गया।साथियों ने तत्काल उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण वज्रपात की चपेट में आना पाया गया है।

इस घटना के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिलेवासियों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी, जंगल और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही बिजली के खंभों, हाईटेंशन तारों, मोबाइल टावरों तथा जलाशयों के आसपास न जाएं और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वज्रपात संबंधी किसी भी चेतावनी को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थान पर शरण लेकर अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!