जगदलपुर: बस्तर जिले में पैरावट में आग लगने से वहां खेल रहे 2 बच्चे जिंदा जलने से मौत हो गई है जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे परिजनों ने जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है। पैरावट में आग कैसे लगी इस बात की जानकारी किसी को नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, भानपुरी के मुरकुची गांव में एक घर के आंगन में पैरावट था, जिसके पास 3 बच्चे काफी देर से खेल रहे थे। इस बीच पैरावट में अचानक आग लग गई। परिजनों और गांव के ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी ज्यादा थी कि इसमें 5 साल और 9 साल के 2 बच्चे जिंदा जल गए। जिसमें एक ने मौके पर दम तोड़ दिया था। दूसरे की थोड़ी बहुत सांसे चल रही थी, जिसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन चंद मिनट के बाद उसकी भी मौत हो गई। वहीं 4 साल के बच्चे को किसी तरह से बचा लिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि आग में झुलसा बच्चा अभी ठीक है। शरीर के कुछ अंग ही आग की चपेट में आए हैं।

जगदलपुर SDOP घनश्याम तामड़े ने बताया कि इस हादसे की जानकारी मिलते ही भानपुरी थाना से जवान मौके पर पहुंच गए। वहीं मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। आग कैसे लगी इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!