

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये युवक कुछ पैसों के लालच में अपने बैंक खाते और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे तथा खातों में आए ठगी के पैसों को एटीएम और सीडीएम मशीन के माध्यम से दूसरे खातों में ट्रांसफर करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला थाना गांधीनगर क्षेत्र का है। प्रार्थी सुजीत मंडल की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 649/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंबिकापुर के कई युवक गेमिंग और ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े पैसों के लेनदेन में शामिल हैं।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खातों में साइबर ठगी की रकम प्राप्त करते थे और कमीशन के बदले एटीएम से राशि निकालकर अन्य खातों में जमा करते थे। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों के खातों के खिलाफ अन्य राज्यों में भी शिकायतें दर्ज हैं।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड या मोबाइल उपयोग के लिए न दें और न ही बेचें। पुलिस के अनुसार थोड़े से लालच में आकर लोग अनजाने में साइबर अपराध का हिस्सा बन जाते हैं, जिसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं।
पुलिस ने लोगों को “घर बैठे कमाई”, “कम समय में ज्यादा मुनाफा” और फर्जी ऑनलाइन ऑफरों से सावधान रहने की सलाह दी है। साथ ही OTP, ATM PIN, UPI PIN और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक अमृत सिंह, अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह तथा साइबर थाना टीम के प्रवीण प्रताप सिंह और विकास तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















