
सूरजपुर: दीपावली पर्व के दृष्टिगत आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेशानुसार तथा अभिहित अधिकारी पुष्पराज के मार्गदर्शन में रामानुजनगर बस स्टैंड के समीप स्थित राजू होटल का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान होटल के रसोईघर में व्यापक स्तर पर अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार किया जाना पाया गया। साथ ही काले पड़ चुके तेल का उपयोग किया जा रहा था। निरिक्षण के दौरान होटल संचालक द्वारा मौके पर लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया।
खाद्य सुरक्षा मानकों एवं स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए होटल से खोआ का विधिक नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। साथ ही परिसर में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने एवं वैध खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने तक होटल को बंद रखने के निर्देश देते हुए नोटिस चस्पा किया गया। विशेष जांच अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के उपयोग संबंधी आवश्यक निर्देश दिया गया।











