बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ टास्क टीम-1 और आरपीएफ बिलासपुर पोस्ट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से महिला समेत पांच लोगों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से कुल 24.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है.

आरपीएफ के अनुसार 8 सितंबर को टास्क टीम-1 और आरपीएफ पोस्ट बिलासपुर की टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 और 8 पर जांच कर रही थी. इसी दौरान संदेह के आधार पर एक महिला और चार पुरुषों को रोककर पूछताछ की गई. उनके पास मौजूद बैग और थैलों की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ.

पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र परते (30), शिवा कुचबंधिया (23), अर्जुन इरपाचे (25), मेगराज कुचबंधिया (40) और पिंकी कुचबंधिया (35) के रूप में हुई है. सभी आरोपी मध्यप्रदेश के सीहोर और हरदा जिले के रहने वाले बताए गए हैं.

आरपीएफ ने सभी आरोपियों को बरामद गांजा समेत जीआरपी बिलासपुर के सुपुर्द कर दिया. जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 112/2026, दिनांक 8 सितंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.

अनूपपुर में चोरी हुआ टैबलेट और ईएफटी बुक बरामद

वहीं, आरपीएफ टास्क टीम-2 अनूपपुर ने पूर्व में दर्ज चोरी के मामले की जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा. मुखबिर की सूचना पर की गई जांच के दौरान संदिग्ध के काले रंग के साइड बैग की तलाशी ली गई.

पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम सुरेंद्र बंसल (26), निवासी मनेंद्रगढ़, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़ बताया. उसके बैग से एक टैबलेट, दो ईएफटी बुक और टीटीई रमेश रविंद्र पांडेय का पहचान पत्र बरामद हुआ. बरामद ईएफटी बुक और पहचान पत्र 15 अगस्त को बिलासपुर-चिरमिरी एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान कोतमा-बिजुरी के बीच चोरी होने की जानकारी सामने आई है.

बरामद टैबलेट और ईएफटी बुक समेत अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये है. आरपीएफ ने बरामद सामान जीआरपी अनूपपुर को सौंप दिया है. जीआरपी ने इसे पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 122/26 में शामिल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!