

बलरामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट तथा लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 को दलधोवा घाट स्थित शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोती श्री बस को रोककर उसके चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की गई थी तथा लूट की घटना को अंजाम देकर आरोपी बोलेरो वाहन से फरार हो गए थे। मामले में थाना कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 93/2026 धारा 126(2),309(6),310(2),296,115(2),3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट कर नाकाबंदी की, लेकिन आरोपी रात और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेन्द्र गुप्ता पिता शिवकुमार गुप्ता (30 वर्ष), निवासी भवानीपुर को थाना पटना, जिला एमसीबी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम बताए। इसके आधार पर पुलिस ने प्रिंस कुमार दूबे पिता शशि भूषण दुबे (27 वर्ष), निवासी तेतरडीह थाना रामानुजगंज, चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू पिता चंद्रशेखर मंडल(21 वर्ष), निवासी धनगांव थाना रामानुजगंज़ तथा दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ पिता राजेंद्र रवि निवासी नावाडीह चौकी तातापानी रहना रामनुजगंज (20 वर्ष), निवासी नवाडीह को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र गुप्ता के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक UP64AT6717 भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेजा जा रहा है।





















