
सूरजपुर: सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने कहा कि राजस्व विभाग का काम सीधे आम लोगों से जुड़ा है। इसलिए राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पांच वर्ष से अधिक पुराने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने तथा तीन वर्ष से अधिक पुराने मामलों को चिन्हांकित कर तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए।
संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने अनुविभागवार एवं तहसीलवार लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, अभिलेख दुरुस्ती, सीमांकन और फौती नामांतरण जैसे प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निपटाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करते हुए प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण समय सीमा के बाहर न हो।
संभागायुक्त ने कहा कि जिन सामान्य राजस्व मामलों का निराकरण स्थानीय स्तर पर किया जा सकता है, उनके लिए ग्राम पंचायतों में सूचना प्रसारित कर विशेष शिविर आयोजित करें। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार तहसील और जिला कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता से सीधे संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में कार्य करने को कहा।
बैठक में नक्शा बंटांकन, अभिलेखों की शुद्धता और लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। श्री दुग्गा ने अधिकारियों को नियमित रूप से राजस्व न्यायालय संचालित करने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों को रिकॉर्ड रूम में पुराने दस्तावेजों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण के बाद संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रूप से रिकॉर्ड रूम में भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।
संभागायुक्त ने कहा कि अधिकारियों का काम केवल कार्यालय तक सीमित नहीं होना चाहिए। अधिकारी मैदानी क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर अधीनस्थ अमले के कामकाज की निगरानी करें। संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने संभाग में एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को फॉलोअप कर शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नियमित निगरानी करते हुए पंजीयन की प्रगति में तेजी लाने को कहा। इस दौरान उन्होंने फसल सर्वे की भी जानकारी ली तथा मैदानी स्तर फील्ड विजिट कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणो के निराकरण में कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर नाराजगी व्यक्त करते संबंधितो तहसीलदार को सो कास नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि आगामी समीक्षा बैठक में प्रगति की पुनः समीक्षा की जाएगी सभी अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन करते प्रगति लाये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगली समीक्षा में दिए गए निर्देशों का असर कार्यों की प्रगति में दिखाई देना चाहिए।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में राजस्व विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताकि प्रकरण अनावश्यक रूप से उच्च स्तर पर एस्केलेट न हों। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों की नियमित जांच कर निराकरण करने को कहा।
कलेक्टर रेना जमील ने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त आर.के. खूंटे, शारदा अग्रवाल , अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा सहित अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित थे।




















