
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि इस घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं । स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
इससे पहले बिहार सरकार भी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर चुकी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि मंगलवार देर शाम वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर पलट गई और उसमें सवार बच्चे गंगा नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से चलाए गए बचाव अभियान में अब तक 13 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं।



















