
दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में आज SIR के विरोध में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर पर कार्यकर्ताओं और राजनेताओं के प्रदर्शन के आह्वान के बाद सेंट्रल दिल्ली के कई हिस्सों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। संभावित भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने भी कई स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही को लेकर अहम बदलाव किया है।
11 मेट्रो स्टेशनों पर अगले आदेश तक प्रवेश और निकास बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए 11 मेट्रो स्टेशनों के गेट से यात्रियों का प्रवेश और निकास अगले आदेश तक बंद रहेगा। इनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।हालांकि यात्रियों के लिए कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। राजीव चौक, मंडी हाउस, INA, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर यात्री मेट्रो लाइन बदल सकेंगे।
जंतर-मंतर के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा, भारी बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारी निर्धारित क्षेत्र से आगे नहीं बढ़ सकें। BNSS की धारा 163 के तहत भी प्रतिबंध लागू किए गए हैं।जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित, इन इलाकों से बचने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें जंतर-मंतर और उसके आसपास के इलाकों में संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यात्रियों से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचने की अपील की गई है।कनॉट प्लेस, पटेल चौक, GPO, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड और पार्लियामेंट स्ट्रीट के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है। इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
प्रदर्शनकारियों की क्या है मांग और SIR पर क्यों उठ रहे सवाल
प्रदर्शन में शामिल लोगों की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है। प्रदर्शनकारियों की ओर से मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।इसके साथ ही चुनाव आयोग की ओर से कराए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी प्रदर्शनकारी अपनी आपत्ति जता रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूचियों के प्रबंधन और पुनरीक्षण की प्रक्रिया में कई स्तरों पर समस्याएं सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों का यह भी दावा है कि इन मुद्दों का चुनाव प्रक्रिया पर प्रभाव पड़ा है।




















